शिमला। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने शिमला में प्रेस वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो विश्वास हिमाचल के लिए दिखाया है उसके लिए हिमाचल ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि वोकल फ़ॉर लोकल हमारा बड़ा अभियान है, इसमें हमें हिमाचल के सभी लोकल वस्तुओं एवं संस्कृति को बढ़ावा देना है। उन्होंने पत्रकारों के जवाब में कहा कि जहां ज़मीन मिलेगी हम खेलों को बढ़ावा देने में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे।
इससे पहले वीरवार सायं मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा कार्य एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर का केन्द्रीय मंत्रिमण्डल में शामिल होने के बाद हिमाचल प्रदेश के पहले दौरे के दौरान होटल पीटरहॉफ में आयोजित कार्यक्रम में गर्मजोशी से स्वागत किया। केन्द्रीय मंत्री ने हिमाचल प्रदेश में पांच दिवसीय जन आशीर्वाद यात्रा की शुरूआत की। इस अवसर पर सम्बोधित करते हुए जय राम ठाकुर ने कहा कि यह हिमाचल प्रदेश का सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केन्द्रीय मंत्रिमण्डल में अनुराग सिंह ठाकुर को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। केन्द्रीय मंत्री के रूप में उनके सहयोग से राज्य विकास के क्षेत्र में लाभान्वित होगा और प्रदेश द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों का शीघ्र समाधान होगा।

शिमला में अनुराग ठाकुर की प्रेसवार्ता, बोले- लोगों की आशाओं पर खरा उतरने का करेंगे प्रयास
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस पहाड़ी राज्य के लोगों की विकासात्मक मांगों, जरूरतों और आकांक्षाओं के प्रति सदैव तत्पर रहे हैं। इससे पूर्व, उन्होंने प्रदेश के सुपुत्र जगत प्रकाश नड्डा को विश्व के सबसे बड़े राजनैतिक दल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व सौंपा। इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ कि राज्य को इतना महत्व दिया गया है। उन्होंने कहा कि इसी तरह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को राज्य से विशेष स्नेह था और उन्होंने प्रदेश के विकास के लिए हमेशा पूर्ण सहयोग दिया।
इस अवसर पर सम्बोधित करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने उनका गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए मुख्यमंत्री और राज्य मंत्रिमण्डल के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए गर्व का विषय है कि उन्हें केन्द्रीय मंत्री के रूप में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करने की जिम्मेदारी दी गई है। वह राज्य के गौरव को बनाए रखने और लोगों की आशाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। केन्द्रीय मंत्री ने को समाज के सभी वर्गों के कल्याण और प्रदेश के तीव्र विकास विशेषकर उन लाभार्थियों को लाभान्वित करने के लिए हिमाचल गृहिणी सुविधा और हिमकेयर योजनाएं आरम्भ करने के लिए मुख्यमंत्री और राज्य सरकार को बधाई दी, जो केन्द्र की योजनाओं का लाभ नहीं उठा सके थे। उन्होंने कहा कि यह गर्व का विषय है कि हिमाचल प्रदेश कोविड-19 वैक्सीनेशन अभियान में अग्रणी है। उन्होंने राज्य के लोगों से हिमाचल को देश का मॉडल राज्य बनाने के लिए प्रदेश सरकार को पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया।
उन्होंने स्वास्थ्य के क्षेत्र में सबसे बड़ी आयुष्मान भारत योजना आरम्भ करने और इस क्षेत्र को सशक्त बनाने के साथ-साथ कोरोना महामारी से निपटने के लिए विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत, रक्षा क्षेत्र को सशक्त बनाने, जल जीवन मिशन इत्यादि केन्द्र सरकार की अनेक प्रमुख उपलब्धियां हैं।