शिमला। हिमाचल में बढ़ती बेरोज़गारी, महँगाई और भ्रष्टाचार सहित विभिन्न मुद्दों पर आज कांग्रेस ने प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। शिमला में डीसी कार्यालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ता उमड़े और बीजेपी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने अपने सम्बोधन में प्रदेश सरकार पर सरकारी नौकरियां बेचने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार प्रदेश के बेरोजगारों के साथ एक बड़ा अन्याय कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस अन्याय को सहन नहीं करेगी।
वहीं उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश सचिवालय में बाहरी लोगों की नियुक्तियां की और अब राज्य विद्युत परिषद में जूनियर इंजीनियर भर्ती कर दिए हैं। कांग्रेस इसके खिलाफ एक बड़ा जन आंदोलन शुरू करेगी।
कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने भी जयराम सरकार पर हमला करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार का दावा करने वाली प्रदेश सरकार के चारो पहिये अलग अलग दिशा की ओर दौड़ रहें है।उन्होंने कहा कि आज इस सरकार से प्रदेश का हर वर्ग दुखी और आहत है। किसानों बागवानों के साथ साथ बेरोजगारों के साथ जो अन्याय इस सरकार ने किया है वह सब अब इसे सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार ने बेरोजगारों के साथ बहुत बड़ा अन्याय किया है।उन्होंने कहा कि यह तो संघर्ष की शुरुआत है।इस संघर्ष को ओर तेज किया जाएगा।