कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भारत का कई देश सहयोग कर रहे हैं। इसके साथ ही गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई (Google CEO Sundar Pichai) और माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्य नडेला ने भी कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भारत की मदद का ऐलान किया है। गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने ट्वीट कर कहा है कि गूगल और गूगल के उपभोक्ताओं की ओर से 135 करोड़ की धनराशि गिव इंडिया और यूनीसेफ के जरिए मेडिकल सप्लाई और अन्य उपकरणों के लिए दान दी गई है।
वहीं माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्य नडेला ने कहा है कि उनकी कंपनी भारत में राहत कार्य के लिए संसाधनों और तकनीक का प्रयोग करती रहेगी। साथ ही ऑक्सीजन डिवाइस की खरीद के लिए भी सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि वह भारत में वर्तमान स्थिति को देखते हुए टूटा हुआ महसूस कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि भारत में कोरोना वायरस के मामलों में काफी बढ़ोतरी हुई है। स्थिति अब गंभीर होती जा रही है। पिछले एक सप्ताह से प्रतिदिन साढ़े तीन लाख के करीब मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में भारत में ऑक्सीजन सहित तमाम मेडिकल उपकरणों की कमी हो रही है। जिसके लिए अन्य देशों के साथ-साथ गूगल और माइक्रोसॉफ्ट जैसी बड़ी-बड़ी कंपनियां भारत की मदद कर रही हैं। इससे पहले भारत ने भी 100 से ज्यादा देशों को वैक्सीन पहुंचाकर उनकरी मदद की थी।