टोक्यो ओलंपिक खेलने जा रहे देश भर के कुल 121 खिलाड़ियों में से 30 हरियाणा के हैं। देश की कुल आबादी की तुलना में हरियाणा की आबादी महज दो प्रतिशत है इसके बावजूद आलंपिक के लिए लगभग 25 प्रतिशत खिलाड़ी हरियाणा से चयनित हुए हैं। यही कहीं ना कहीं हरियाणा की कारगर खेल नीति को दर्शाता है।
इस बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री खट्टर ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जाएगी। उन्होंने ये भी बताया कि अगर टोक्यो में होने वाले ओलंपिक खेलों में कोई प्रदेश का खिलाड़ी स्वर्ण पदक जीतता है तो उसे 6 करोड़ रुपये का इनाम भी दिया जाएगा।
खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि टोक्यो ओलंपिक खेलों के लिए 30 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। प्रत्येक खिलाड़ी को तैयारी राशि के रूप में 5 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। उन्होंने ये भी कहा कि ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक विजेताओं को 6 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेताओं को 4 करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेताओं को 2.50 करोड़ रुपये की नकद राशि दी जाएगी।