टोक्यो ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। अब इस टीम को तोहफों की बरसात शुरू हो गई है। इस टीम में हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला के डलहौजी के वरूण कुमार भी शामिल हैं। प्रदेश सरकार ने वरूण को 1 करोड़ का नकद पुरस्कार प्रदान करने का फैसला लिया है। वहीं वरूण को पुलिस विभाग में डीएसपी का पद भी ऑफर किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विधानसभा में यह घोषणा करते हुए कहा कि कि ओलंपिक में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतने की ईनाम राशि में बदलाव किया गया है। कांस्य पदक लाने वाले खिलाड़ी के लिए 50 लाख रूपये के नकद पुरस्कार को बढ़ाकर एक करोड़ रूपये कर दिया गया है।
सरकार के इस फैसले के लिए खेल मंत्री राकेश पठानिया ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हॉकी खेल को त्वज्जो देने के लिए कांगड़ा जिला में एक हॉकी अकादमी को खोलकर वरूण कुमार की सेवाएं ली जाएंगी।