नई दिल्ली। कोरोना के खिलाफ देश की तीनों सेनाएं जुट गई हैं और कोविड से जंग में जरूरी हथियार यानि चिकित्सीय सहायता लाने के लिए सात समुंदर पार तक जा रही हैं। इसी कड़ी में देश की नौसेना ने भी कमान संभाल ली है और विदेशों से लिक्विड ऑक्सीजन से भरे क्रायोजेनिक कंटेनर और उससे जुड़े मेडिकल उपकरण भारत लाने के लिए ऑपरेशन समुद्र सेतु-II के तहत कार्य कर रही हैं।

कोरोना के खिलाफ ‘जंग’ में जुटी देश की सेनाएं
नौसेना स्टाफ के प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह ने बताया कि विदेशों से लिक्विड ऑक्सीजन से भरे क्रायोजेनिक कंटेनर और उससे जुड़े मेडिकल उपकरण भारत लाने के लिए ऑपरेशन समुद्र सेतु-II लॉन्च किया गया है। इस मिशन के लिए भारतीय नौसेना ने 7 जहाजों को तैनात किया है।
नौसेना स्टाफ के प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह ने यह जानकारी भी दी कि नौसेना लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में ऑक्सीजन की उपलब्धता बढ़ा रही है। साथ ही बताया कि विभिन्न शहरों में नागरिकों के उपयोग के लिए नौसेना के अस्पताल खोले जा रहे हैं।

कोरोना के खिलाफ ‘जंग’ में जुटी देश की सेनाएं
कोविड-19 के खिलाफ देश की लड़ाई के समर्थन में 7 भारतीय जहाजों आईएनएस कोलकाता, कोच्चि, तलवार, तबर, त्रिकंद, जलाश्व और ऐरावत को तैनात किया गया है। सभी जहाज विभिन्न देशों से तरल चिकित्सा ऑक्सीजन से भरे क्रायोजेनिक कंटेनरों और संबंधित चिकित्सा उपकरणों को भारत लाने के मिशन पर जुटे हैं।