हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने एक बार फिर मानवता का परिचय देते हुए गरीब व असहाय परिवार की सहायता की है। दरअसल करसोग दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने बेटियों की पढ़ाई व उनका लालन पोषण करने में असमर्थ मां की आर्थिक सहायता की है।
जानकारी के मुताबिक सीमा नाम की महिला मुख्यंत्री से मिलने विश्राम गृह पहुंची थी। महिला की व्यथा सुनने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने तुरंत 2 लाख रुपये देकर पांचों बच्चियों की पढ़ाई लिखाई सुचारू रखने को कहा। मुख्यमंत्री से सहायता मिलने के बाद सीमा का चेहरा खिल गया और उसने अपनी बेटियों की पढ़ाई सुचारू रखने का संकल्प लिया।
बता दें कि पांच बच्चियों के सिर से उनके पिता का साया करीब तीन साल पहले उठ गया था। पिता के निधन के बाद मां पर बच्चियों के लालन पोषण का बोझ आ गया। लेकिन मां पांच बेटियों की पढ़ाई लिखाई और लालन पालन करने में असमर्थ थी। सीमा ने इससे पहले प्रशासन के सामने भी गुहार लगाई थी लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई।
सीमा मुख्यमंत्री के पास उम्मीद लेकर पहुंची थी। मुख्यमंत्री भी सीमा की उम्मीद पर खरे उतरे और तुरंत उसकी सहायता के लिए 2 लाख रुपए की राशि जारी कर दी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले मुख्यमंत्री ने द्रंग विधानसभा क्षेत्र में कोमा में पड़े एक युवक के इलाज के लिए 1 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की थी। वहीं उपायुक्त मंडी को परिवार की पूरी सहायता करने के निर्देश दिए थे।