आजकल लोग खानपान को लेकर काफी सतर्क रहने लगे हैं। लेकिन उन्हें खाने में कैलोरी की मात्रा (Nutrition Value in Food) पता करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है। या तो लोग गूगल कर अपने खाने में कैलोरी की मात्रा जानते हैं या फिर डॉक्टर से कंसल्ट कर। खासकर डायबिटीज पीड़ितों और दिल के रोगियों को खानपान में कैलोरी को लेकर विशेष रूप से सतर्क रहना पड़ता है। ऐसे लोगों के लिए अब यह पता लगाना आसान होगा कि उनके भोजन में कितनी कैलोरी शामिल है। दरअसल भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की हैदराबाद स्थित प्रयोगशाला राष्ट्रीय पोषण संस्थान (एनआईएन) ने एक मोबाइल ऐप विकसित है जो इस काम में मदद कर सकता है।
एनआईएन ने लांच किया न्यूट्रिफाई इंडिया नाउ ऐप
राष्ट्रीय पोषण संस्थान ने न्यूट्रिफाई इंडिया नाउ (Nutrify India Now App) नामक ऐप लॉन्च किया गया है। इसे विकसित करने वाले शोधकर्ताओं का कहना है कि यह ऐप पोषण संबंधी जरूरतों के बारे में लोगों को जागरूक करने में मददगार हो सकता है। यह ऐप भारतीय आहार और उसमें निहित पोषण मूल्यों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान करता है। यह ऐप उपयोगकर्ताओं को ऊर्जा संतुलन (खपत बनाम व्यय) का लेखा-जोखा रखने में भी मदद करता है।

भोजन में कैलोरी की मात्रा बताता है ये ऐप, जानें आपके खाने में कितनी कैलोरी?
प्रामाणिक और व्यापक शोध के आधार पर विकसित किया गया ऐप
ऐप की एक प्रमुख खासियत यह है कि इसे भारतीय आबादी के विशिष्ट डेटाबेस के आधार पर विकसित किया गया है। न्यूट्रिफाई इंडिया नाउ ऐप को प्रामाणिक और व्यापक शोध के आधार पर विकसित किया गया है। देश के शीर्ष चिकित्सा अनुसंधान निकाय आईसीएमआर द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का उपयोग इस ऐप को अधिक प्रभावी बनाता है। इसमें भारतीय खाद्य पदार्थों, व्यंजनों तथा पोषण संबंधी जानकारियों को विशेष रूप से शामिल किया गया है।
मिलेगी खाने में मौजूद कैलोरी, प्रोटीन, विटामिन और खनिजों की जानकारी
यह ऐप भारतीय खाद्य पदार्थों एवं उनमें मौजूद कैलोरी, प्रोटीन, विटामिन, खनिजों और सामान्य भारतीय व्यंजनों की रेसिपी समेत पोषण संबंधी व्यापक जानकारी प्रदान करता है। इसे भारतीय उपयोगकर्ताओं को ध्यान में रखकर व्यापक पोषण मार्गदर्शिका प्रदान करने के लिए तैयार किया गया है। न्यूट्रिफाई इंडिया 17 भारतीय भाषाओं में खाद्य पदार्थों के नाम उपलब्ध कराता है।

भोजन में कैलोरी की मात्रा बताता है ये ऐप, जानें आपके खाने में कितनी कैलोरी?
स्थानीय भाषा में सर्च करने की सहूलियत
इस ऐप में पोषक तत्वों, और अपनी रुचि के अनुसार खाद्य पदार्थों को सर्च किया जा सकता है। स्थानीय भाषा में किसी खाद्य पदार्थ का नाम डालकर भी उसे सर्च कर सकते हैं, और उसमें मौजूद गुणों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। न्यूट्रिफाई इंडिया ऑनलाइन ऐप स्टोर पर एंड्रॉयड और आईओएस प्लेटफॉर्म्स पर मुफ्त डाउनलोड के लिए उपलब्ध है। (इनपुट- इंडिया साइंस वायर)