मंडी। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री कोमा में पड़े एक युवक को देखकर भावुक हो गए। उन्होंने मौके पर ही पीड़ित की मदद के लिए एक लाख रुपए की राशि स्वीकृत कर दी। वहीं उपायुक्त मंडी को परिवार की पूरी सहायता करने के निर्देश दिए।
दरअसल मुख्यमंत्री द्रंग विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर थे। मंडी से द्रंग जाते समय मुख्यमंत्री को रास्ते में फरियाद लेकर खड़ी एक महिला दिखी। मुख्यमंत्री ने तुरंत अपना काफिल रुकवाया और महिला की समस्या सुनी। गरीब महिला की फरियाद सुनकर मुख्यमंत्री इतने भावुक हो गए कि महिला के बेटे का स्वास्थ्य जानने के लिए अपने आप को महिला के घर जाने से नहीं रोक पाए।
पीड़ित की हालत देख मुख्यमंत्री ने मौके पर ही महिला की मदद हेतू एक लाख रुपये की राशि स्वीकृत कर दी। वहीं मुख्यमंत्री ने मौके पर ही उपायुक्त मण्डी को निर्देश दिए की इस परिवार को सहारा योजना के अन्तर्गत लाया जाए ताकि परिवार को बेटे के उपचार के लिए 3000 रुपये राशि प्रतिमाह मदद के रूप में मिल सके। बता दें कि महिला का बेटा सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया था और 22 वर्षों से कोमा में होने के कारण बिस्तर पर ही है।