सरकाघाट।
कांग्रेस विधायक व पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने राष्ट्रभक्ति के मुद्दे पर सत्तारूढ़ भाजपा को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राष्ट्रभक्त होने की परिभाषा ही बदल दी है। वीरों का सम्मान करने के बजाय अपमान किया जा रहा है। सुक्खू ने ये बातें वीरवार को सरकाघाट में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के समर्थन में आयोजित जनसभा में कहीं। उन्होंने जनता से प्रतिभा के पक्ष में मतदान की अपील भी की।
सुक्खू ने कहा कि देश के लिए पूर्व पीएम इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। भाजपा अगर उन्हें सम्मान नहीं दे सकती तो अपमान भी न करे। कांग्रेस इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। भाजपा देश के इतिहास को बदलने का विफल प्रयास कर रही है, जिसमें कभी सफलता नहीं मिलेगी। सत्तारूढ़ पार्टी क्षेत्रवाद की राजनीति कर रही है। लोगों को धर्म और जाति के आधार पर बांटा जा रहा है। भाजपा सरकार जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरने में नाकाम रही है।
लोकसभा चुनाव में जीत के लिए भाजपा सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है। हार सामने देख भाजपा नेता बौखलाए हुए हैं। अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को राष्ट्रभक्ति का प्रमाण पत्र किसी से लेने की जरूरत नहीं। दो-दो प्रधानमंत्रियों ने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।