15 वर्षीय परीक्षित सूद युनम चोटी को फतह करने वाले प्रथम युवा पर्वतारोही बन गए हैं। सोशल मीडिया पर परीक्षित सूदको बधाई देने वालों का तांता लग गया है। दरअसल हाल ही में युनम चोटी पर कुल्लु के वीरेंद्र राणा की अगुवाई में नौ सदस्य पर्वतारोहियों के एक दल ने सफलतापूर्वक चढ़ाई की है। इसमें 15 वर्षीय परीक्षित सूद भी शामिल थे।
भारतीय पर्वतारोहण संघ की अनुमति से यह दल 12 जुलाई को मनाली से रवाना हुआ और 16 जुलाई को सुबह 10:30 बजे इन्होंने युनम चोटी पर पहुंचकर तिरंगा फहराया। हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति जिला और लद्दाख की सीमा को जोड़ने वाली समुद्र तट से 6110 मीटर की ऊंचाई पर स्थित युनम चोटी की यात्रा कठिन ट्रैक में से एक मानी जाती है।
बंजार की तीर्थन घाटी के परीक्षित सूद पढ़ाई के साथ-साथ साहसिक खेलों में भी काफी रूचि रखते हैं। परीक्षित सूद इससे पहले भी तीर्थन घाटी विश्व धरोहर ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क में स्थित काया पीक 5150 मीटर पर 13 साल की उम्र में चढ़ाई कर चुका है। इसके अलावा यह स्कीइंग, पैराग्लाइडिंग, स्वीमिंमिंग, रैपलिंग जैसी अन्य साहसिक खेलों में भी भाग लेता रहता है।
वहीं परीक्षित सूद का कहना है कि कड़े अभ्यास और बुलंद हौसलों से कुछ भी हासिल किया जा सकता है। परीक्षित का अगला लक्ष्य 7000 मीटर ऊँचे पर्वत को फतेह करना है।