टोक्यो ओलंपिक (Tokyo Olympics 2021) खेलों का आगाज आगामी 23 जुलाई से होने जा रहा है। हर ओलंपिक की तरह इस बार भी देशवासियों को उम्मीद है कि भारत का दल ज्यादा से ज्यादा मेडल जीतकर आएगा। जानकारी के लिए बता दें कि भारत की ओर से इस बार के ओलंपिक खेलों में कुल 127 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं (Indian Players in Tokyo Olympics), जिसमें से 49 फीसदी महिलायें हैं और 51 फीसदी पुरुष एथलीट हैं। ओलंपिक खेलों के इतिहास में यह भारत का सबसे बड़ा दल है।
इस बार सबकी नजर तीरंदाज दीपिका कुमारी पर है, जो इस समय दुनिया की नंबर वन तीरंदाज हैं और टोक्यो में गोल्ड पर निशाना लगाने उतरेंगी। इसके अलावा कुश्ती में युवा प्रतिभावान खिलाड़ी विनेश फोगाट से सभी को उम्मीदें हैं। ऐसे ही दर्जनों खिलाड़ी हैं, जो आगामी 23 जुलाई से भारत का झंडा बुलंद करने के इरादे से खेल के मैदानों पर उतरेंगे।
टोक्यो ओलंपिक में भारत कुल 18 प्रतियोगिताओं में चुनौती पेश करेगा। जहां एक तरफ टेनिस सनसनी सानिया मिर्जा के साथ अंकिता रैना महिला डबल्स में चुनौती पेश करेंगी, वहीं दूसरी तरफ टेबल टेनिस में शरत कमल और मनिका बत्रा की जोड़ी कमाल दिखाएगी।