कुल्लू। शिमला ग्रामीण के विधायक एवं कांग्रेस के युवा नेता विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि जयराम सरकार पलटू राम सरकार है। उन्होंने कहा कि शाम को सरकार फैसला लेती है और सुबह अपने फैसले को बदलते हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को पहले डीए का लॉलीपॉप थमाया और बाद में यह लॉलीपॉप उनके हाथ से बापस खींच लिया और आज हमें कर्मचारी विरोधी कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें कर्मचारी हितैषी होने का प्रमाण पत्र भाजपा से नहीं लेना है। कर्मचारी जानते हैं कि वीरभद्र सरकार कर्मचारी हितैषी रही है और सभी लाभ वीरभद्र सिंह ने दिए है। वे यहां सेऊबाग में रोहित वत्स धामी के घर में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने यहां से देवभूमि कुल्लू-मनाली का प्रचार अभियान शुरू किया।
उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर को अंहकार हो गया है और कह रहे हैं कि मंडी हमारी है। उन्होंने कहा कि मंडी न तो जय राम की है, न ही प्रतिभा सिंह की। न ही वीरभद्र की रही और न ही सुखराम की। मंडी तो मंडी लोकसभा क्षेत्र के लोगों की है। मंडी,कुल्लू, लाहुल स्पीति के लोगों की है। उन्होंने कहा कि अब जय राम के मुंह में यह बात शोभा नहीं देती है कि कांग्रेस वीरभद्र सिंह के नाम पर वोट ले रही है। यदि वोह मोदी के नाम पर वोट लेते हैं तो हम वीरभद्र सिंह के नाम पर क्यों नहीं। जबकि वीरभद्र सिंह लोगों के दिलों में बसते थे। जबकि पूरे प्रदेश का विकास किया है।
उन्होंने कहा कि आज भाजपा को मंहगाई पर ध्यान देना चाहिए। रसोई गैस हजार पार कर चुकी है। तेल 250 पार कर चुका है और पेट्रोल 100 से पार हो चुका है। उन्होंने कहा कि जनता मंहगाई से तंग आ चुकी है और इस चुनाव में जनता मंहगाई का जवाब देने बाली है।